बच्चों का खेलना और बुजुर्गों का टहलना हुआ मुश्किल, सांप, बिच्छू के छिपने का बढ़ा खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। नगर निगम बद्दी के वार्ड नंबर-8 स्थित हाउसिंग बोर्ड फेज-3 के पार्क अपनी पहचान खो चुके हैं। महीनों से सफाई और रखरखाव न होने के कारण ये पार्क घनी झाड़ियों से जंगल बन गए हैं। इससे बच्चों का खेलना और बुजुर्गों का टहलना मुश्किल हो गया है। पार्कों में कई फीट ऊंची झाड़ियां उग आई हैं, जिससे वे पूरी तरह ढक गए हैं। बरसात से पहले ही ऐसे हालात बन गए हैं कि लोगों का पार्कों में बैठना भी मुश्किल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पार्कों की बदहाली से सांप, बिच्छू और अन्य जहरीले जीवों के छिपने का खतरा बढ़ गया है। इससे आसपास के परिवारों में चिंता बनी हुई है। स्थानीय निवासी विनोद शर्मा ने बताया कि वार्ड के अधिकांश पार्कों में महीनों से सफाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर को स्वच्छ बनाने के दावे करता है। हालांकि, जमीनी स्तर पर पार्कों की देखभाल नहीं हो रही। पार्कों की दुर्दशा के कारण बच्चों ने यहां खेलना छोड़ दिया है। बुजुर्ग भी पार्कों में जाने से कतराने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पार्कों के रखरखाव पर नियमित ध्यान नहीं दिया गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से तत्काल सफाई कराने की मांग की है। निवासियों ने झाड़ियों को हटाने और नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा है। उनका उद्देश्य है कि पार्क फिर से लोगों के उपयोग के योग्य बन सकें।
नगर निगम बद्दी के सहायक आयुक्त अंकुश ठाकुर ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निगम क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। बरसात के मौसम को देखते हुए पार्कों की सफाई के निर्देश दिए गए हैं। सार्वजनिक स्थलों और खाली पड़ी जमीनों में उगी झाड़ियों को भी साफ करने के आदेश दिए गए हैं। ये निर्देश संबंधित कर्मचारियों को दिए गए हैं।