बीते सप्ताह आए थे अस्पताल में बुखार की शिकायत पर, अब आई रिपोर्ट
अब तक 24 मरीजों की रिपोर्ट आ चुकी पॉजीटिव, कई का चल रहा इलाज
स्वास्थ्य विभाग ने बुखार के सभी मरीजों के टेस्ट बढ़ाने के जारी किए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिले में स्क्रब टायफस के छह नए मामले सामने आए हैं। ये मामले पिछले एक सप्ताह के दौरान सामने आए हैं। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने एक बार फिर अलर्ट जारी किया है। बीते सप्ताह बुखार की शिकायत लेकर क्षेत्रीय अस्पताल सोलन पहुंचे मरीजों के चिकित्सकों ने स्क्रब टायफस के टेस्ट करवाए। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद सभी मरीजों को मेडिसिन वार्ड में भर्ती कर डॉक्टरों की निगरानी में उपचार दिया गया।
इससे पहले भी सोलन अस्पताल में दो सप्ताह के भीतर सात मरीज स्क्रब टायफस पॉजिटिव पाए गए थे। सूत्रों के अनुसार, अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचे अधिकांश मरीज सिरमौर के राजगढ़ और आसपास के क्षेत्रों से हैं। इन क्षेत्रों में घास काटने का सीजन शुरू हो चुका है। मौसम में बदलाव के चलते बुखार की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों की संख्या भी बढ़ी है। ऐसे में बुखार के मरीजों की स्क्रब टायफस की जांच की जा रही है।
अगस्त से अब तक सोलन अस्पताल में कुल 16 मरीज स्क्रब टायफस पॉजिटिव पाए गए हैं, जबकि जिले में अब तक कुल 24 मामलों की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने जिलेभर में अलर्ट जारी करते हुए घास काटने के लिए खेतों में जाने वाले लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। साथ ही बुखार की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों का स्क्रब टायफस टेस्ट करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्रों में घास काटने का काम शुरू हो गया है। घास में मौजूद ओरिएंटिया सुसुगामुशी बैक्टीरिया शरीर में पहुंच सकता है, जिससे स्क्रब टायफस होता है। संक्रमण होने पर तेज बुखार समेत अन्य लक्षण सामने आ सकते हैं। उपचार के बाद मरीजों को दवाएं देकर घर भेज दिया गया है।
कोट
बुखार की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंच रहे मरीजों के जरूरी टेस्ट करवाए जा रहे हैं। इनमें कुछ मरीज स्क्रब टायफस पॉजिटिव पाए जा रहे हैं। सभी मरीजों का डॉक्टरों की देखरेख में उपचार किया जा रहा है। -डॉ. राकेश पंवार, चिकित्सा अधीक्षक, क्षेत्रीय अस्पताल सोलन