निजी स्कूलों की तर्ज पर बनेगी आधुनिक लैब और स्मार्ट क्लास रूम
जिले में अब 21 हुई पीएमश्री स्कूलों की संख्या, विद्यार्थियों को मिलेगा फायदा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिला के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए अच्छी खबर है। केंद्र सरकार की पीएम श्री योजना के तहत सोलन जिले के 6 और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों का चयन किया गया है। अब इन स्कूलों में निजी शिक्षण संस्थानों की तर्ज पर बच्चों को स्मार्ट क्लासरूम और आधुनिक लैब जैसी विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी। नए स्कूलों के शामिल होने के साथ ही अब जिले में पीएम श्री स्कूलों की कुल संख्या बढ़कर 21 हो गई है। केंद्र सरकार इन स्कूलों के कायाकल्प के लिए विशेष बजट जारी करेगी। यह योजना राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत स्कूलों को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने के लिए है। क्लासरूम को स्मार्ट बोर्ड और हाई-टेक तकनीक से लैस किया जाएगा। स्कूलों में सौर पैनल, जल संरक्षण प्रणाली, पोषण उद्यान और कचरा प्रबंधन की आधुनिक व्यवस्था होगी। विज्ञान और अन्य विषयों के लिए उच्च स्तरीय प्रयोगशालाएं स्थापित होंगी। बच्चों को प्राकृतिक खेती और अन्य कौशल विकास गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।
नए चरण में ये स्कूल किए शामिल
योजना के नए चरण में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डगशाई,राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दाड़लाघाट,राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कंडाघाट,राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला परवाणू,राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, सलोगड़ा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्रा) सोलन को शामिल किया है।
ये स्कूल पहले से ही है योजना में शामिल
वर्तमान में राजकीय केंद्र विद्यालय अर्की, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल अर्की छात्रा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल चंडी ए, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बरोटी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल चामिया, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल प्राथा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल सकोड़ी, राजकीय उच्च स्कूल सकोड़ी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल नालागढ़ बी, राजकीय माध्यमिक स्कूल नालागढ़ बी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल पट्टा महलोग, राजकीय केंद्र विद्यालय बद्दी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बद्दी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल मानपुरा, राजकीय प्राथमिक पाठशाला सैरी को पीएम श्री योजना के तहत पहले से ही चयन हो चुका है।
डाइट सोलन में होगा विशेष कार्यक्रम
समग्र शिक्षा जिला अधिकारी डॉ. राजेंद्र वर्मा ने बताया कि इन 6 स्कूलों के चयन से जिले में शिक्षा का स्तर और बेहतर होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से मिलने वाले बजट को स्कूलों के ढांचागत विकास पर खर्च किया जाएगा। इसके उपलक्ष्य में जल्द ही डाइट सोलन में एक जिलास्तरीय कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न शैक्षणिक प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी।