बीबीएन सनातन समाज ने कथा की तैयारियां कीं शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ में दीदी मां साध्वी ऋतंभरा 24 अक्तूबर से एक सप्ताह तक श्रीराम कथा में कथावाचक होंगी। श्रीराम कथा की पूर्णाहुति 30 अक्तूबर को होगी। कथा का समय सायं 2:00 से 5:00 बजे तक होगा और उसके बाद प्रतिदिन भंडारे की भी व्यवस्था रहेगी। बीबीएन सनातन समाज की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम की तैयारियां जोरों से चल रही हैं। समितियों का गठन करके इस कथा की सूचना हर गांव तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। नालागढ़ से बद्दी और आसपास के क्षेत्रों में बड़े-बड़े होर्डिंग लगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त सोशल मीडिया के माध्यम से भी जन-जन तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। आयोजन समिति के वरिष्ठ सदस्य राम गोपाल अग्रवाल ने बताया कि नालागढ़ क्षेत्र के लोगों को दीदी मां साध्वी ऋतंभरा की कथा का इंतजार रहता है। इससे पहले यह कथा पिछले वर्ष 27 मार्च से 2 अप्रैल को होनी थी लेकिन दीदी साध्वी ऋतंभरा के अस्वस्थ होने के कारण अंतिम क्षणों में कथा को स्थगित करना पड़ा था। सबसे पहले 1998 में इन्होंने यहां श्रीमद्भागवत कथा की थी।