संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। श्रीराम हनुमान सेवा ट्रस्ट की ओर से गुल्लरवाला के एक दिव्यांग व्यक्ति को व्हीलचेयर प्रदान की गई। गुल्लरवाला पंचायत के उप प्रधान पम्मी चौधरी ने बताया कि उनकी पंचायत के निवासी सुच्चा राम की दो वर्ष पहले अधरंग के कारण एक टांग ने पूरी तरह से काम करना छोड़ दिया था। उपचार के बावजूद टांग ठीक न होने पर 15 दिन पहले उसे कटवाना पड़ा। व्हीलचेयर की आवश्यकता महसूस होने पर उप प्रधान ने राम हनुमान सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष राजेश जिंदल साधु से संपर्क किया। ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने सुच्चा राम की स्थिति को देखते हुए व्हीलचेयर प्रदान करने की स्वीकृति दी और शुक्रवार को पंचायत उप प्रधान के माध्यम से यह व्हीलचेयर उन्हें प्रदान की गई। इस अवसर पर ट्रस्ट के अन्य सदस्य भूपिंद्र सिंह, विनोद गोयल, गुरबचन सिंह और नीरज जिंदल भी मौजूद रहे।