बद्दी (सोलन)। बद्दी के वार्ड-1 और 2 में पेयजल आपूर्ति करने वाली योजना के तहत पिछले दो दिनों से बहुत कम पानी आ रहा है। पर्याप्त पानी नहीं आने से लोग निजी ट्यूबवेल से पानी भरने को मजबूर हैं। वार्ड-1 और 2 को पेयजल आपूर्ति बहाल करने के लिए बद्दी के वार्ड-1 और 2 के बीच में एक स्टोर टैंक बनाया है। पिछले दो दिन से गांवों में पानी बहुत कम आ रहा है।
जब तक लोग पीने का पानी ही भरते हैं और पानी बंद हो रहा है। लोगों का कहना है कि विभाग ने पेयजल योजना मोटर में टाइमर लगा रखा है लेकिन दो दिनों से टाइमर खराब चल रहा है जिससे मोटरें अचानक बंद हो रही हैं। वार्ड-दो के दीपू पंडित, भगत राम ठाकुर, निर्मला देवी, हरनेक ठाकुर, बेअंत ठाकुर ने बताया कि दो दिनों से नाममात्र पानी आ रहा है जबकि ट्यूबवेल में पानी की कोई कमी नहीं है। पर्याप्त पानी नहीं आने से लोगों को पानी की बूंद-बूंद के लिए तरसना पड़ रहा है। सभी लोगों ने अपने घरों में किरायेदार रखे हैं। यहां पर पानी की बहुत ज्यादा खपत है। टाइमर बंद होने से मोटर भी बंद हो जाती है। जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता नीरज गुप्ता ने बताया कि मोटर में लगे ऑटोमैटिक टाइमर खराब होने से दिक्कत आ रही है। उन्होंने कहा कि टाइमर मंगाए हैं जिन्हें मोटर में फिट कर समस्या दूर की जाएगी।