चायल के दंगील का सेवला गांव के जंगल में भड़की आग। संवाद
ग्रामीणों ने बड़ी मशक्कत से बचाए अपने मकान व खेत
सेंचुरी क्षेत्र में जले कई पौध और जंगली जानवर
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन/चायल। कंडाघाट उपमंडल के तहत आने वाली ग्राम पंचायत दंगील का सेवला जंगल पिछले पांच दिनों से धधक धधक रहा है। यह आग ढमडार के जंगल से शुरू हुई थी जो कि बहुत बड़े क्षेत्र में फैल गई है। स्थानीय ग्रामीण जनता व वन विभाग चायल की टीम आग बुझाने के प्रयास में जुटी है।
झाजा गांव की सीता देवी ने बताया उनके परिवार के सदस्यों समेत कई लोग वीरवार रात को आग बुझाते रहे। इससे उन्होंने अपने घर, पंचायत घर झाजा, उप स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक पाठशाला, गोशाला, घासनियों व खेतों में लगी नगदी फसलों को बचाया। पांचवें दिन ग्राम पंचायत झाझा के खड़ेउन जंगल में आग पहुंच गई। बहुत से जंगली जानवर और जीव जंतु भी आग की भेंट चढ़ गए हैं। यह जंगल सेंचुरी क्षेत्र में आता है।
वन्य जीव प्राणी विभाग चायल के डिप्टी रेंजर विजय शर्मा बीट गार्ड सहित कई कर्मचारी आग बुझाने पहुंचे। वन विभाग चायल के ब्लॉक आफिसर गीतानंद अपने विभाग के कर्मचारियों के साथ आग बुझाने मौके पर पहुंचे। उधर, वन परिक्षेत्र चायल के अनिल ठाकुर ने आग लगने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आग से हुए नुकसान का अभी तक आंकलन नहीं किया जा रहा है।