बद्दी के स्वराज माजरा गांव में एक व्यक्ति के घर में आया सीवरेज का दूषित पानी- संवाद।
दो माह से गली में बह रहा गंदा पानी, शिकायतों के बावजूद नहीं हुआ समाधान
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। बद्दी के स्वराज माजरा में सीवरेज लाइन जाम होने से एक व्यक्ति के घर में गंदा पानी घुस गया है। इससे पीड़ित परिवार का घर में रहना मुश्किल हो गया है। प्रभावित व्यक्ति ने जलशक्ति विभाग और नगर निगम को कई बार समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक समाधान नहीं हो पाया है।
जानकारी के अनुसार मुख्य सीवरेज लाइन जाम होने के कारण पिछले दो माह से स्वराज माजरा गांव की गली में गंदा पानी बह रहा है। अब स्थिति यह हो गई है कि सीवरेज का पानी एक व्यक्ति के घर में भी घुसने लगा है। पीड़ित ने अपने खर्च पर दो बार चैंबर साफ करवाए, लेकिन कुछ समय बाद वे दोबारा भर जाते हैं। वीरवार को भी चैंबर साफ करवाया गया, लेकिन शाम तक फिर से गंदा पानी आने लगा। पीड़ित का कहना है कि हालात इतने खराब हो चुके हैं कि घर में बैठना भी मुश्किल हो गया है।उधर, जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता राहुल अबरोल ने बताया कि सूचना मिलते ही जेई को मौके पर भेजा गया था। विभाग की ओर से समस्या को जल्द ठीक किया जाएगा।