पुलिस का नशे के खिलाफ कंडाघाट, धर्मपुर व अर्की में की कार्रवाई
तस्करी में प्रयोग आरोपियों की ऑल्टो कार, एक्सयूवी गाड़ी और बाइक भी जब्त
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ सोलन में बड़ी कार्रवाई की है। नशामुक्त सोलन अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पिछले एक सप्ताह के भीतर मादक पदार्थ तस्करी के तीन अलग-अलग मामले दर्ज कर कुल 7 तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचाया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6.10 ग्राम चिट्टा और 1.032 किलोग्राम चरस बरामद करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों को रिमांड पर लेकर उनसे पूछताछ जारी है। जल्द इसमें मुख्य सप्लायरों को पकड़ने का भी दावा किया जा रहा है। जिससे नशे का एक बड़ा नेटवर्क भी ध्वस्त हो जाएगा। पहले मामले में बीते 14 अप्रैल को एसआईयू टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कंडाघाट क्षेत्र में नाकाबंदी की थी। इस दौरान एक ऑल्टो कार की तलाशी लेने पर रामपुर निवासी दो युवकों से 6.10 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट से रिमांड मिलने के बाद उनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है।
गाड़ी के अंदर चल रहा था नशे का खेल, 3 धरे
18 अप्रैल को एसटीएफ शिमला की टीम ने कोरो-कैंथड़ी सड़क पर खड़ी एक महिंद्रा एक्सयूवी गाड़ी पर छापा मारा। गाड़ी में बैठे कोरो-कैंथड़ी निवासी तीन युवकों के कब्जे से 783 ग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार किया और गाड़ी भी जब्त कर ली है।
बाइक सवार दो युवकों से 249 ग्राम चरस बरामद
19 अप्रैल को एसआईयू टीम ने अर्की और कुनिहार क्षेत्र के दो युवकों को बाइक पर जाते हुए रोका। तलाशी में उनके पास से 249 ग्राम चरस मिली। पुलिस ने बाइक को सीज कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया है। उन्हें अदालत में पेश किया जा रहा है।
कोट
नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान जीरो टॉलरेंस की नीति पर जारी रहेगा। गिरफ्तार तस्करों के पिछले आपराधिक रिकॉर्ड की भी गहनता से जांच की जा रही है, ताकि नशे के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके।
अभिषेक शेखर,एसपी, सोलन