साइकिल रेस में सोलन वासियों ने खूब दम दिखाया। पहली बार आयोजित प्रतियोगिता में 32 किमी राउंड में शिवेन ने 84 मिनट में रेस पूरी कर प्रथम स्थान हासिल किया। आकाश ने 94 मिनट में रेस पूरी कर दूसरा तथा डेविड ने 96 मिनट में रेस पूरी कर तीसरा स्थान हासिल किया। इस प्रतियोगिता में पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाले प्रतियोगियों को क्रमश: 11000, 5000 व 2100 रुपये पुरस्कार दिया गया।
4 से 7 वर्ष के बच्चों की साइकिल रेस में आदित्य चौहान ने पहला, देवांश भट्ट ने दूसरा तथा धनंजय ने तीसरा ने प्राप्त किया। 8 से 11 वर्ष के बच्चों की प्रतियोगिता में निखिल सिंगला प्रथम, राघव राणा द्वितीय और वेदांत तृतीय स्थान पर रहे। 12 से 15 वर्ष के बच्चों की प्रतियोगिता याशिक पहले, नितिन कौंडल दूसरे तथा आशीष शेरपा तीसरे स्थान पर रहे। इस के अलावा 8 से 11 वर्ष आयु वर्ग में लड़कियों की प्रतियोगिता में अनाहिता ने पहला, हर्षिता ने दूसरा और तनिशका ने तीसरा स्थान हासिल किया।
इन वर्गों में हुई रेस
हिम फ्रेंड्स क्लब, चाणक्य प्वाइंट और यंगलिंक्स के सौजन्य से साइकिल रेस का आयोजन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्ष सुशील शर्मा ने झंडी दिखाकर प्रतियोगियों को रवाना किया। रेस से पूर्व सभी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए माल रोड से होकर पुलिस ग्राउंड तक पहुंचे। जहां पर चार से सात वर्ष के बच्चों की 200 से 400 मीटर, 8 से 11 साल के बच्चों की 400 से 1000 मीटर तथा 12 से 15 साल के बच्चों की 2000 से 5000 मीटर की रेस करवाई गई।
घुमावदार पगडंडियों में कई चोटिल
सोलन में पहली बार आयोजित 16 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की 32 किमी की रेस मुख्य आकर्र्षण का केंद्र रही। कच्ची पगडंडियों, घुमावदार सड़कों से होकर साइकलिस्ट सोलन से बसाल, सलुमणा होती हुई कंडाघाट पहुंचे और उसी रूट से आयोजित स्थल पर वापस लौटे। भले ही कुछ प्रतियोगियों को चोटें लगी हो लेकिन बावजूद उस के किसी भी साइकलिस्ट के हौसले पस्त नहीं हुए। आयोजकों द्वारा सुरक्षा के मद्देनजर एंबुलेंस और चिकित्सकों सहित पुलिस को प्रतियोगियों के साथ साथ रख गया।
एडवेंचर स्पोर्ट्स में भी
हिस्सा लें युवा : अक्षय
वर्मा ज्वेलर के मालिक युवा कारोबारी अक्षय वर्मा ने भी प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन शहर में होते रहने चाहिए। इससे युवाओं की एडवेंचर खेलों के प्रति जागरूकता और रुचि बढ़ती है। समापन अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष पवन गुप्ता ने विजेताओं को पुरस्कृत किया और कल्ब के इस कार्य की सराहना की। हिम फ्रेंड्स कल्ब के चेयरमैन भानु वर्मा, वाइस चेयरमैन अजय भास्कर, अध्यक्ष विशाल वर्मा, अनिल चौहान, एसपी शर्मा, अजय कंवर, चंद्र भानू, दिनेश और यंगलिक्स के अमन विज, अतुल, मेघा, सुधांशी और चाणक्य प्वाइंट के एमडी राजन जैन ने रेस भाग लेने वाले सभी प्रतियोगियों का आभार व्यक्त किया।