नालागढ़ (सोलन)। बघेरी-नमो मार्ग पर अभीपुर गांव के समीप सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा देर शाम का बताया जा रहा है। व्यक्ति घर से खेत के लिए गया था और देर रात तक नहीं लौटा। शनिवार सुबह व्यक्ति का शव अभीपुर के समीप सड़क किनारे मिला।
इसकी शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव कब्जे में लिया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोपहर तक पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस के अनुसार रामपुर निवासी संत राम (60) बीती रात अपने घर से खेतों की ओर गए थे। जब वह नहीं लौटे तो तलाश पर भी वह नहीं मिले। शनिवार सुबह शव अभीपुर गांव के समीप लोगों ने सड़क पर पड़ा देखा। किसी वाहन की चपेट आने से मौत होने का अंदेशा है। डीएसपी नवदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने नालागढ़ अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।