तलाशी अभियान में 6 मोबाइल बरामद, कैदी बाहरी दुनिया से कर रहे थे संपर्क
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। जिला पुलिस बद्दी के किशनपुरा स्थित सब जेल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जेल विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। हाल ही में सामने आए मामलों के बाद जेल प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है और अब दिन-रात सीसीटीवी कैमरों व लाइट हाउस के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है। जेल के आसपास की ऊंची पहाड़ियों से कैदियों के साथ इशारों में बातचीत किए जाने की घटनाओं को भी गंभीरता से लिया गया है, जिसके चलते निगरानी दायरा और बढ़ा दिया गया है। जानकारी के अनुसार, जेल विभाग की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए तलाशी अभियान चलाया, जिसमें छह मोबाइल फोन बरामद किए गए। इन मोबाइलों के जरिये कैदी बाहरी दुनिया से संपर्क बनाए हुए थे और अपनी जरूरतों के अनुसार गतिविधियां संचालित कर रहे थे। मामले की गंभीरता तब और बढ़ गई जब एक आरोपी ने जेल के अंदर से ही फिरौती मांगने का प्रयास किया। इस घटना के बाद पुलिस और जेल प्रशासन तुरंत हरकत में आए और संयुक्त कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की गई। इसी दौरान पुलिस ने दो ऐसे लोगों को भी गिरफ्तार किया जो जेल की सीमा के पास पहुंचकर कैदियों को जरदा, बीड़ी और सिगरेट जैसी वस्तुएं देने का प्रयास कर रहे थे। हैरानी की बात यह रही कि पकड़े गए आरोपियों में से एक के पास देशी कट्टा भी बरामद हुआ, जिससे किसी बड़ी घटना की आशंका जताई जा रही थी। हालांकि समय रहते पुलिस और जेल विभाग ने इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया। एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि जेल में सामान फेंकने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मोबाइल इस्तेमाल करने वाले छह कैदियों की पहचान कर उनसे पूछताछ की जा रही है। मोबाइल रिकॉर्ड की भी गहन जांच की जा रही है। वहीं, जेल विभाग के सहायक अधीक्षक निशांत ने कहा कि इस घटना के बाद सुरक्षा बल की संख्या बढ़ा दी गई है और निगरानी को और अधिक सुदृढ़ किया गया है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।