ग्रामीणों की शिकायत पर किया गंबर खड्ड का निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की (सोलन)। अर्की उपमंडल की ग्राम पंचायत बलेरा की सीमा के साथ गंबर खड्ड में हुए खनन को लेकर एसडीएम अर्की यादविंदर पाल ने संबंधित अधिकारियों के साथ मौके पर जाकर निरीक्षण किया। इस मौके पर उनके साथ नायब तहसीलदार कुनिहार, पुलिस थाना प्रभारी अर्की भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
एसडीएम अर्की ने कहा कि संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर गंबर खड्ड में हुए खनन से संबंधित रिपोर्ट तैयार करके अगली कार्रवाई के लिए भेज दी है। जानकारी के अनुसार गंबर खड्ड में हुए खनन को लेकर बीते 2 जनवरी को बलेरा पंचायत से स्थानीय ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपमंडलाधिकारी को एक ज्ञापन दिया था। जिसमें ग्रामीणों ने गंबर में अवैध खनन को लेकर आरोप लगाए थे। ग्रामीणों द्वारा की गई इस शिकायत पर उपमंडलाधिकारी यादविंदर पाल ने शुक्रवार को संबंधित अधिकारियों के साथ मौके पर जाकर जायजा ले लिया।