बरोटीवाला (सोलन)। रामशहर जोन की खेलकूद प्रतियोगिता में पीएम श्री स्कूल पट्टा महलोग के छात्रों ने परचम लहराया। जीत के बाद स्कूल पहुंचने पर प्रिंसिपल श्वेता गुप्ता, समस्त स्टाफ एवं स्कूल प्रबंधन समिति ने डीपीई अशोक कुमार और खिलाड़ियों का स्वागत किया। कबड्डी के रोमांचक फाइनल मैच में मितियां स्कूल को हराकर पट्टा महलोग ने ट्राॅफी जीती। शिवम, विराट, शौर्य, मयंक, संजीव, प्रणय, अक्षित, प्रणव, दीपांशु, पीयूष, अक्षय, राहुल, सौरभ, सुशांत शर्मा, राजेश शर्मा टीम के हीरो रहे। कबड्डी के अलावा मार्चपास्ट में अनुशासित प्रदर्शन के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। एसएमसी की प्रधान आशा कुमारी ने बताया कि विजेता खिलाड़ी अब 5 से 7 सितंबर तक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धर्मपुर में होने वाली जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।