अब पढ़ाई के लिए नौनिहालों को न बरसात में नदी पार करनी पड़ेगी न ही साढ़े तीन किलोमीटर पैदल चलना पड़ेगा। नंदपुर पंचायत के बागवाला बेरसन में प्राथमिक पाठशाला खुल गई है। शनिवार को दून के विधायक चौधरी राम कुमार ने नंदपुर पंचायत के बागवाला बेरसन में प्राथमिक पाठशाला का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यहां के बच्चों को साढ़े तीन किमी दूर पैदल जाना पड़ता था। बीच में नदी होने के कारण बच्चे कई दिन तक स्कूल नहीं जा पाते थे। अब बागवाला बेरसन में स्कूल खुलने से यहां के बच्चों को घरद्वार ही शिक्षा मिलेगी।
इससे पहले विधायक का गांव पहुंचने पर बाजे गाजे के साथ स्वागत किया गया। इस मौके पर पंचायत के लोग रसीद मोहम्मद ने कम वोल्टेज की समस्या उनके समक्ष रखी। अधिवक्ता श्याम लाल ने रायपुर जखोली की खस्ता हालत सड़क की समस्या उठाई। उजागर सिंह ने डूमनवाला में हरिजन बस्ती को जाने वाली संपर्क बनाने की मांग की। डा. काला सिंह पंगा में सामुदायिक भवन बनाने की मांग रखी। वार्ड सदस्य रामलाल ने दानों घाट में गली को ठीक करने की मांग रखी।
विधायक राम कुमार ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को मौके पर निर्देश कर समस्या हल करने की बात कही। उन्होंने बागवाला गली को सुधारने के लिए डेढ़ लाख, दानों घाट को एक लाख, सामुदायिक भवन पंगा को ढाई लाख, डूमन वाला और रायपुर जखोली की सड़क को बीबीएनडीए के माध्यम से पक्का करने का आश्वासन दिया। इससे पूर्व विधायक ने पंगा बांव में एक लाख रुपये की लागत से बनी चारदीवारी का उद्घाटन किया।
इस मौके पर उनके साथ खंड शिक्षा अधिकारी अजमेर सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष धर्मपाल चौहान, सीएचटी त्रिलोकी नाथ शर्मा, जेटीबी रोशन लाल, बलंविंद्र सिंह, पंचायत सचिव गुरनाम कौर, महेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह, बीडीसी सदस्य सूच्चा राम, कालू मोहम्मद, पंचायत प्रधान लच्छी राम, पूर्व प्रधान कृष्ण शर्मा, सोमनाथ, मस्त मोहम्मद, सितार मोहम्मद, फजल द्दीन, विजय कुमार, डा. अजय सिंह, वार्ड पंच प्रकाश चंद शर्मा, हरि चंद और राम स्वरूप ने भाग लिया।