शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रबंधकों को जारी किए सख्त निर्देश
स्कूलों की जमीन को करवाना होगा शिक्षा विभाग के नाम
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिला शिक्षा विभाग ने सभी स्कूल प्रबंधकों और मुख्याध्यापकों को स्कूल भवनों की सुरक्षा जांच करवाने और लंबित राजस्व मामलों को जल्द निपटाने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत जिन स्कूलों की जमीन अभी तक शिक्षा विभाग के नाम हस्तांतरित नहीं हुई है, उनकी प्रक्रिया जल्द पूरी करनी होगी।
जिले में कई ऐसे स्कूल हैं, जिनके भवन बनकर तैयार हैं और वहां नियमित रूप से पढ़ाई भी हो रही है, लेकिन संबंधित जमीन अभी तक विभाग के नाम दर्ज नहीं हुई है। इस प्रशासनिक कमी को दूर करने के लिए विभाग ने प्रक्रिया तेज कर दी है।
वहीं, विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी स्कूल भवनों की फिटनेस जांच भी अनिवार्य की गई है। स्कूल प्रबंधकों को लोक निर्माण विभाग की तकनीकी टीम से भवनों की मजबूती और सुरक्षा का निरीक्षण करवाना होगा। इसके बाद लोनिवि की ओर से जारी फिटनेस प्रमाण पत्र जिला शिक्षा विभाग के कार्यालय में जमा करवाना होगा। जिला विभाग सभी रिपोर्ट एकत्र कर उच्च निदेशालय को भेजेगा।
आपदा प्रबंधन टीमें भी करेंगी निरीक्षण
स्कूलों में केवल भवनों की मजबूती ही नहीं, बल्कि अंदरूनी सुरक्षा की भी जांच होगी। इसके लिए आपदा प्रबंधन की विशेष टीमें स्कूलों का औचक निरीक्षण करेंगी। इस दौरान कक्षाओं और अन्य कमरों में रखी भारी वस्तुओं, अलमारियों और अन्य सामान की स्थिति का जायजा लिया जाएगा, ताकि प्राकृतिक या अन्य आपदा के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
कोट
विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्कूल भवनों की फिटनेस जांच प्राथमिकता के आधार पर करवाई जा रही है। इसके साथ ही राजस्व से जुड़े लंबित मामलों को जल्द निपटाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि स्कूलों को आवंटित और उपयोग में लाई जा रही भूमि शिक्षा विभाग के नाम दर्ज हो सके। - मधु जनारथा, जिला उपनिदेशक, उच्च शिक्षा