बच्चों में सद्भावना, अनुशासन और संस्कार विकसित करने का दिया संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन/सराहां(सिरमौर)। शिक्षा खंड सराहां के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक पाठशाला प्रेमनगर में विद्यालय भवन की मरम्मत कार्य से पूर्व ज्ञान की देवी मां सरस्वती और धन-समृद्धि की देवी मां लक्ष्मी का पूजन किया गया। कार्यक्रम में अध्यापकों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि स्कूल भवन की मरम्मत के लिए हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा निदेशक की ओर से राशि स्वीकृत की गई है। मरम्मत कार्य प्रारंभ करने से पहले विद्यालय परिसर में धार्मिक अनुष्ठान आयोजित कर पूजा-अर्चना की गई। विद्यालय की अध्यापिका सृष्टि शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य बच्चों में सद्बुद्धि, शांति, समृद्धि तथा सकारात्मक संस्कारों का विकास करना है। साथ ही विद्यालय के वातावरण को शुद्ध और स्वच्छ बनाए रखने में भी इनका महत्वपूर्ण योगदान रहता है। पाठशाला प्रभारी ने कहा कि विद्या की देवी मां सरस्वती की पूजा से बच्चों के मन में श्रद्धा, सद्भावना और नैतिक मूल्यों का विकास होता है। इससे विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रेरणा मिलती है।