पीएम श्री कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में मनाया वार्षिक समारोह
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। पीएम श्री कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सोलन में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से मनाया गया। समाजसेवी कर्नल संजय शांडिल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल की प्रधानाचार्य अल्पा मलिक शर्मा ने की। इस मौके पर शैक्षणिक और खेलकूद गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली मेधावी छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।
प्रधानाचार्य अल्पा मलिक शर्मा ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि कक्षा छठी से ऋषिता, सातवीं से ओजस्वी, आठवीं से शिवांशी और नौवीं से हर्षिता ने पहला स्थान हासिल किया। दसवीं में प्रिया भगनाल, जमा एक में निधि मोदगिल और जमा दो में अद्रिजा अवस्थी अव्वल रहीं। खेलों में भी छात्राओं ने स्कूल का नाम रोशन किया है। राज्य स्तरीय कुराश प्रतियोगिता में खुशबू व प्रियंका और कराटे में साक्षी का बेहतरीन प्रदर्शन पर चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है। अंडर-14 वर्ग में स्कूल ने जिला स्तर पर कुराश, मार्चपास्ट और लोक नृत्य में पहला स्थान प्राप्त किया। हॉकी और टेबल टेनिस में दूसरा स्थान मिला। वहीं, पारंपरिक योग में रजत और कलात्मक योग में कांस्य पदक जीता। राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में भी स्कूल की टीम उपविजेता रही। समारोह के दौरान छात्राओं ने पहाड़ी और पंजाबी लोकनृत्य समेत एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समां बांध दिया। मुख्यातिथि कर्नल संजय शांडिल ने मेधावी छात्राओं को स्मृतिचिह्न देकर सम्मानित किया।