विधायक ने क्लस्टर स्तरीय वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में की शिरकत
संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की (सोलन)। विधायक संजय अवस्थी ने बुधवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बथालंग के क्लस्टर स्तरीय वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह की अध्यक्षता की। कहा कि गुणवत्तायुक्त शिक्षा ही बेहतर भविष्य की नींव है। प्रदेश सरकार छात्रों को घरद्वार के समीप बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत हैं। ग्राम पंचायत रोहांज जलाणा में विभिन्न विकास कार्यों के लिए लगभग 54 लाख रुपये दिए गए हैं। उन्होंने विद्यालय की पाकशाला के लिए 2 लाख रुपये और बॉक्सिंग रिंग के लिए 1 लाख रुपये अतिरिक्त देने की घोषणा की। स्थानीय प्राथमिक पाठशाला में छत निर्माण के लिए भी 2 लाख रुपये स्वीकृत किए।
वार्षिक समारोह में बथालंग क्लस्टर के 12 विद्यालयों के लगभग 250 छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। अवस्थी ने शैक्षणिक, सांस्कृतिक और खेलकूद गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को सम्मानित किया। उन्होंने ग्राम पंचायत प्लानिया, चईंयाधार और रोहांज जलाणा के लिए सोलर लाइट प्रदान करने की घोषणा की। आयोजन समिति को 21,000 रुपये और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्रों को 5100 रुपये देने की घोषणा की। इस अवसर पर अभिभावक-शिक्षक संघ की अध्यक्ष मीना शर्मा और प्रधानाचार्य उपासना सूद आदि माैजूद रहे।