कोटबेजा स्कूल के विकास के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा
पंचायत प्रधान ने समारोह से नदारद शिक्षकों पर जताई नाराजगी
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (सोलन)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटबेजा में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। विद्यालय प्रबंधन की ओर से विधायक एवं अन्य अतिथियों को शॉल, टोपी और स्मृतिचिह्न देकर सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य डॉ. मंजूबाला ने स्कूल की शैक्षणिक, सांस्कृतिक और खेलकूद गतिविधियों की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने विद्यालय में चहारदीवारी के निर्माण के साथ-साथ शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने की मांग उठाई। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनमें पहाड़ी नाटी और पंजाबी भंगड़ा आकर्षण रहे।
ग्राम पंचायत कोटबेजा के प्रधान अजय कंवर ने समारोह से नदारद रहे शिक्षकों पर नाराजगी जताई। कहा कि विद्यार्थियों को स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलनी चाहिए। उन्होंने विद्यालय की विभिन्न समस्याओं को उठाते हुए शिक्षकों के रिक्त पदों को जल्द भरने की मांग की।
मुख्य अतिथि विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने विद्यार्थियों को आगामी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी करने और नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने स्कूल में रिक्त पड़े शिक्षकों के पदों को जल्द भरने का आश्वासन दिया। बताया कि स्कूल की सड़क के निर्माण के लिए 10 लाख रुपये दिए गए थे, जबकि अब स्कूल के विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि जारी करने की घोषणा की गई है। उन्होंने कहा कि स्कूल की सभी समस्याओं और मांगों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। उन्होंने सोयता से बांजनी वाया निचला मध्याणा सड़क को विधायक प्राथमिकता में शामिल करने का आश्वासन दिया। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इस मौके पर ग्राम पंचायत नाहरी के प्रधान मानविंदर तनवर, उपप्रधान मोहनलाल शर्मा, गनोल पंचायत के प्रधान जयप्रकाश शर्मा, जंगेशू पंचायत के प्रधान राजिंद्र ठाकुर, एसएमसी अध्यक्ष विजेंद्र कंवर, पूर्व अध्यक्ष नरेश ठाकुर उपस्थित रहे।