बद्दी (सोलन)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बरोटीवाला में हिमाचल प्रदेश विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद (हिमकोस्ट), शिमला के तत्वावधान में आयोजित दस दिवसीय पर्यावरण कार्यशाला का समापन हो गया। कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने प्रकृति संरक्षण के महत्व को समझा और विभिन्न व्यावहारिक गतिविधियों में भाग लिया। विद्यार्थियों ने मिट्टी, खाद और विभिन्न प्रजातियों के बीजों से सीड बॉल तैयार किए। उन्होंने पक्षियों के लिए कृत्रिम घोंसले भी बनाए और उन्हें विद्यालय परिसर में स्थापित किया। कार्यशाला में पोस्टर निर्माण, स्क्रैपबुक तैयार करने और बर्ड वॉचिंग जैसी गतिविधियां भी आयोजित की गईं। इसके अतिरिक्त, विद्यार्थियों ने एक पर्यावरण जागरूकता रैली निकालकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इको क्लब प्रभारी रंजन लता ने बताया कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। इसका लक्ष्य उन्हें व्यावहारिक गतिविधियों से जोड़ना भी था। विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय कुमार ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करती हैं।