- 3 नवंबर को प्रदेश भर के स्कूलों में आयोजित होगी परीक्षा
-तीसरी, छठी और 9वीं कक्षा के विद्यार्थी लेंगे भाग
-जिले के 305 स्कूलों के 6770 विद्यार्थी लेंगे हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता को जानने के लिए राज्य शैक्षणिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) सोलन
राज्य शैक्षिक उपलब्धि सर्वेक्षण करेगा। इसके तहत 3 नवंबर को प्रदेश भर के स्कूलों में तीसरी, छठी और 9वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए एक परीक्षा कराई जाएगी। इस परीक्षा के तहत तीसरी कक्षा के छात्रों का बुनियादी साक्षरता, अंकगणित, छठी के छात्रों का भाषा, गणित, पर्यावरण शिक्षा और नौवीं के छात्रों का भाषा, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान में ज्ञान को जांचा जाएगा। यह सर्वेक्षण प्रश्नावली के माध्यम से किया जाएगा।
इस सर्वेक्षण को डीएलएड प्रशिक्षुओं और बीएड प्रशिक्षुओं की सहायता से आयोजित किया जाएगा। इस सर्वेक्षण में जिले के 305 स्कूलों के तीसरी, छठी और नौवीं कक्षा के 6770 विद्यार्थी भाग लेगें। इस प्रशिक्षण को आयोजित करने के लिए उपनिदेशक उच्च शिक्षा बिलासपुर की अध्यक्षता में जिला और खंड स्तरीय समितियों का आयोजन किया गया है। प्रशिक्षण में प्रधानाचार्य डाइट, पांच जिला समन्वयक, छह खंडों के खंड परियोजना अधिकारी और प्रधानाचार्य, छह खंडों के खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी, आठ प्रशिक्षित और बुनियादी शिक्षकों के साथ 375 फील्ड इन्वेस्टीगेटर तैनात किए जाएंगे। शोध एवं मूल्यांकन व सहायक समन्वयक राज्य शैक्षिक उपलब्धि सर्वेक्षण संजय शर्मा ने बताया कि इस सर्वेक्षण को संचालित करने वाले खंड स्तरीय समन्वयकों और फील्ड इन्वेस्टीगेटर का प्रशिक्षण एससीईआरटी सोलन द्वारा आयोजित प्रशिक्षण के तुरंत बाद आयोजित किया जाएगा ताकि सफलतापूर्वक इस सर्वेक्षण को जिला बिलासपुर में आयोजित किया जा सके।
कोट्स
305 सरकारी और निजी स्कूलों के मुखियाओं को निर्देश दिए गए हैं कि 3 नवंबर को होने वाले सर्वेक्षण के लिए अपने-अपने स्कूलों में व्यवस्था करें। उस दिन तीसरी, छठी, नौवीं कक्षाओं में नामांकित बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित बनाएं और इस परीक्षा को आयोजित करने वाले फील्ड इन्वेस्टीगेटर का सहयोग करें।
जिला समन्वयक एवं उप निदेशक उच्च शिक्षा जोगिन्द्र सिंह राव।
सर्वेक्षण को लेकर सभी स्कूलों के प्रधानाचार्य और मुख्याध्यापकों को दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा से विद्यार्थी परीक्षा में भाग ले सकें। जिला उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा बीडी शर्मा।
एससीईआरटी सोलन से जिन स्कूलों में यह परीक्षा होनी है उनकी जानकारी उपलब्ध हो गई है। यह जानकारी उच्च और प्रारंभिक उपनिदेशकों के सहयोग से स्कूलों में भेज दी गई है। जिला परियोजना अधिकारी दीप चंद गौतम।