कुनिहार में गुरु तेग बहादुर साहिब का प्रकाश उत्सव मनाया
कीर्तन और लंगर का किया आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
कुनिहार(सोलन)। तालाब मैदान में मंगलवार को नौवें पातशाह गुरु तेग बहादुर जी का प्रकाश उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान आयोजित भव्य कीर्तन दरबार में क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों से सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गुरुवाणी का रसपान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह सुखमणी साहिब के पाठ से हुआ। इसके बाद कीर्तन और कथा-विचार का आयोजन किया गया। इसमें संगत देर तक भाव-विभोर रही। धार्मिक समागम को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला और सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। प्रचारक सरदार गुरदीप सिंह (आनंदपुर साहिब) ने गुरु तेग बहादुर जी के जीवन, त्याग और बलिदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुरु जी ने अपना संपूर्ण जीवन मानवता की रक्षा और धार्मिक स्वतंत्रता के लिए समर्पित कर दिया। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में भाईचारा, शांति और नैतिक मूल्यों की स्थापना संभव है।
उन्होंने कहा कि आज के समय में गुरु तेग बहादुर जी के आदर्श और भी अधिक प्रासंगिक हो गए हैं, जिनसे प्रेरणा लेकर मानव सेवा और सत्य के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए। कीर्तन दरबार के उपरांत दोपहर से श्रद्धालुओं के लिए लंगर का आयोजन किया गया। लंगर सेवा में स्थानीय संगत ने बढ़-चढ़कर सहयोग दिया।
इस अवसर पर सरदार मंजीत सिंह, सरदार जोगिंदर सिंह, सरदार परमजीत सिंह, गुरु वचन सिंह, फौजा सिंह, जितेंद्र सिंह, जसपाल सिंह, तेजिंदर सिंह, सेवादार मनजीत सिंह, मदन सिंह, पुष्पा देवी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।