खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर के कई मिठाई की दुकानों से भरे सैंपल
खुले में मिठाई न बेचने को लेकर कारोबारियों को दी सख्त हिदायत
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। खाद्य सुरक्षा विभाग नगर निगम सोलन की ओर से दिवाली से पहले कारोबारियों पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। विभाग की टीम ने मंगलवार को शहर के चौक बाजार, गंज बाजार समेत अन्य क्षेत्रों में मिठाई की दुकानों से 10 खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे। वहीं खुले में मिठाई न बेचने को लेकर कारोबारियों को सख्त हिदायत दी गई।
मिठाई की दुकानों से इमरती, बदाना, तिरंगा लड्डू, बेसन लड्डू, काला चमचम, पान पेठा, बेसन बर्फी, खोआ समेत पनीर के दो सैंपल भरे गए हैं। विभाग की ओर से सभी सैंपलों को कंडाघाट स्थित लैब में जांच के लिए भेज दिया गया है। यदि मिठाई के सैंपल फेल पाए गए, तो संबंधित कारोबारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। रिपोर्ट को कोर्ट में पेश कर आदेशानुसार कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग नगर निगम सोलन के सहायक आयुक्त अतुल कायस्थ ने बताया कि कोशिश की जा रही है कि दिवाली से पहले अधिक से अधिक सैंपल भरे जाएं, ताकि किसी के भी घर पर मिलावटी मिठाई न पहुंचे। वहीं कारोबारियों को भी मिलावट न करने के लिए सख्त हिदायत दी गई है। यदि कोई कारोबारी खराब खाद्य सामग्री का उपयोग करता पाया गया, तो चालान किया जाएगा। संबंधित कारोबारी के लाइसेंस को रद्द किया जा सकता है।