लीकेज से हजारों लीटर पानी हो रहा बर्बाद टारिंग के दौरान लीकेज पर नहीं दिया ध्यान
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर(सोलन)। धर्मपुर-सुबाथू सड़क पर बाजार के बीच दो स्थानों पर पानी की पाइप लाइन में लीकेज हो रही है। इसे ठीक करने के लिए जल शक्ति विभाग धर्मपुर की ओर से टेंडर जारी किया गया है। विभाग के इस फैसले से अब पानी की बर्बादी पर रोक लगेगी। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में पाइपों की मरम्मत का कार्य किया जाएगा।
धर्मपुर-सुबाथू सड़क पर बाजार के बीच सड़क के नीचे से गुजर रही पानी की पाइप लाइन में लीकेज से हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। सड़क की टारिंग के दौरान लीकेज की समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया। इसके चलते कुछ दिन बाद ही बीच सड़क से पानी निकलना शुरू हो गया। इससे सड़क की टारिंग उखड़ने की आशंका भी बनी हुई है।
स्थानीय कारोबारियों ने इस समस्या को कई बार जल शक्ति विभाग के सामने रखा। हालांकि बाजार में पानी की आपूर्ति सप्ताह में केवल एक ही बार होती है। जिस दिन मोहल्ला बाजार में पानी की सप्लाई दी जाती है, उसी दिन सड़क के नीचे से पानी निकलने लगता है। इससे पाइप में लीकेज होने का पता चला है। इसके अलावा एक अन्य स्थान पर भी पानी की पाइप में लीकेज मिली है। लीकेज को ठीक करने के लिए विभाग को सड़क की खोदाई करनी पड़ेगी, ताकि पाइप की मरम्मत की जा सके।
जल शक्ति विभाग धर्मपुर के सहायक अभियंता भानु उदय ने बताया कि लीकेज ठीक करने के लिए टेंडर लगा दिए गए हैं। सड़क की खोदाई कर पानी की पाइपों को ठीक करवाया जाएगा।