घी में न तो आई फैट की मात्रा और न ही विटामिन
विभाग ने कंपनी और दुकानदार को भेजा नोटिस
14 दिन में मांगा जवाब, फिर होगी आगामी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिले के कुनिहार क्षेत्र से भरा घी के सैंपल में गुणवत्ता में कमी पाई गई है। डिब्बे पर लिखी न्यूट्रिशनल इंफॉर्मेशन के मुताबिक घी तैयार नहीं किया है। हैरत की बता तो यह है कि घी में न तो फैट की मात्रा आई है और न ही विटामिंस पाए गए हैं। ऐसे में यह सैंपल फेल हो गया है। बताया जा रहा है कि घी निर्माता कंपनी पंजाब की है। मामला सामने के बाद घी की बिक्री पर विभाग ने रोक लगा दी है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए घी निर्माता कंपनी और दुकानदार को नोटिस भेज दिया है। इसी के साथ 14 दिन में जवाब भी मांगा है। संतोषजनक जवाब न आने पर विभाग कंपनी और दुकानदार पर कार्रवाई करेगा।
बीते दिनों खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनुज शर्मा की टीम ने कुनिहार क्षेत्र में दुकानों का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान एक करियाना दुकान से घी का सैंपल भरा था। सैंपल को जांच के लिए सीटीएल कंडाघाट भेजा गया था। प्रयोगशाला में जांच के दौरान घी की गुणवत्ता मानकों पर ठीक नहीं उतरा। साथ ही कई प्रकार की खामियां घी में पाई गई और सब स्टेंडर्ड पाया गया। हाल ही में खाद्य सुरक्षा विभाग के पास रिपोर्ट पहुंची। इसके बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी कर दिए हैं। नोटिस का जवाब आने के विभाग आगामी कार्रवाई करेगा।
गौर रहे कि खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से जिले के बाजार में बिकने वाले पदार्थों पर नजर रखी जा रही है। खाद्य पदार्थों से लोगों के स्वास्थ्य पर असर न पड़े इसे देखते हुए टीम लगातार सैंपल भर रही है। इसी के साथ दुकानों का निरीक्षण भी किया जा रहा है। सैंपल सीटीएल कंडाघाट और अन्य बाहरी राज्यों की प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे जाते हैं। जहां से 14 दिनों बाद विभाग के पास रिपोर्ट आती है। वर्तमान में कई सैंपलों की रिपोर्ट आना बाकी है।
इनसेट
कुनिहार क्षेत्र से भरा गया घी का सैंपल फेल हो गया है। विभाग ने कार्रवाई करते हुए घी निर्माता कंपनी और दुकानदार को नोटिस भेज दिया है। दस्तावेज भी मांगे गए हैं। नोटिस का जवाब आने के बाद आगामी दिनों में कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घी की बिक्री पर पूरी तरह से रोक लगा दी है।
-अरुण चौहान
सहायक आयुक्त, जिला खाद्य सुरक्षा विभाग, सोलन।