ओच्छघाट स्थित बेस कंपनी में कार्य कर रहे करीब 300 श्रमिकों के लिए राहत भरी खबर है। कर्मचारियों की रुकी पड़ी पगार और एरियर 31 मार्च से पहले जारी हो सकता है। प्रशासन से नोटिस जारी होने के बाद कंपनी प्रबंधन ने वेतन जारी करने की लिखित में सूचना श्रम अधिकारी को सौंपी है।
कंपनी के (एचआर विभाग) विकास दासता ने श्रम अधिकारी के सामने श्रमिकों को दिसंबर माह की पगार 29 फरवरी को और जनवरी की 15 मार्च तथा फरवरी में बोनस और एरियर 31 मार्च को देने का आश्वासन श्रम अधिकारी को लिखित रूप में दिया है।
श्रम अधिकारी पीएस वर्मा ने बताया कि उन्हें भी कंपनी के खिलाफ शिकायत मिली थी। कंपनी को नोटिस भेजकर जवाब मांगा था। इसके बाद कंपनी के अधिकारियों ने रुका वेतन जारी करने की हामी भर दी है।
यह है मामला
24 फरवरी को बेस कंपनी प्रबंधन पर दिसंबर माह के बाद से वेतन नहीं दिए जाने का आरोप लगा था। इसके विरोध में श्रमिकों ने एकत्रित होकर डीसी सोलन राकेश कंवर को ज्ञापन सौंपकर इसकी शिकायत श्रम अधिकारी को भी की थी। इसके बाद प्रशासन के निर्देशों के बाद कार्रवाई शुरू हुई।
यह भी लगे हैं आरोप
बेस कंपनी में पांच साल से कार्य कर रहे विनोद ने बताया कि इससे पहले भी कंपनी ने श्रमिकों का वेतन रोका था। कंपनी में कार्य कर रहे अधिकांश श्रमिक मंडी, बिलासपुर, चंबा, कुल्लू और पड़ोसी राज्य बिहार, हरियाणा और चंडीगढ़ से हैं। वेतन न मिलने से इन सभी कर्मचारियों को अपने परिवार का पालन करना मुश्किल हो गया है। इस मौके पर मुर्तजा अहमद, राकेश, शुभोंदू, तीनकर दास, सुनील, बिंदु, अमित, अमिताभ, राजेश, इंद्र, अभिजीत दास, रोशन, प्रवीन, दीप कुमार, अजय, अविनाश, पुष्प कुमार, अजय, प्रीतम, अमर, पुनीत, अशोक और गौरव समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे।