बद्दी में एमएसएमई टेक्निकल सेंटर में रेप प्रतियोगिता में उपस्थित। संवाद
रैंप प्रोग्राम के तहत शुरू हुई पहल, युवाओं को मिलेगी तकनीकी कौशल और स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। बद्दी के एमएसएमई तकनीकी सेंटर में रैंप प्रोग्राम के तहत रूरल प्री-इंक्यूबेशन सेंटर की औपचारिक शुरुआत कर दी गई है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बीबीएन (बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़) क्षेत्र के युवाओं में नवाचार, तकनीकी कौशल और स्टार्टअप संस्कृति को प्रोत्साहित करना है ताकि वे उद्यमिता की दिशा में आत्मनिर्भर बन सकें। सेंटर के शुभारंभ के अवसर पर उद्योग विभाग हिमाचल प्रदेश और एमएसएमई तकनीकी सेंटर बद्दी की ओर से एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में टेक्निकल सेंटर के छात्र, उद्योग विभाग के अधिकारी और स्थानीय औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद रहे। रूरल प्री-इंक्यूबेशन सेंटर को एमएसएमई टेक्निकल सेंटर बद्दी के परिसर में स्थापित किया गया है। इससे छात्रों और युवाओं को प्रयोगशाला, शोध-सुविधाएं, तकनीकी मार्गदर्शन, मेंटरशिप व प्रोजेक्ट विकास से जुड़ी सभी आवश्यक संसाधनों तक आसान पहुंच मिलेगी। संस्थान की ओर से पूरा प्रांगण उपलब्ध करवाया गया है और संस्थान का विशेषज्ञ स्टाफ युवाओं को स्टार्टअप आइडियाज विकसित करने में सहयोग करेगा।
उद्यमिता को मिलेगी मजबूती
एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर बद्दी के प्रमुख प्रो. सुखमन सिंह ने बताया कि इस पहल से छात्रों को न सिर्फ व्यावहारिक ज्ञान मिलेगा, बल्कि वे रोजगार सृजन करने और स्वयं के स्टार्टअप शुरू करने की दिशा में भी मजबूत बनेंगे। उन्होंने बताया कि सफल शुभारंभ के बाद छात्रों को इंक्यूबेशन प्रक्रिया, स्टार्टअप विकास और सरकारी योजनाओं से अवगत कराने के लिए एक विशेष कार्यशाला भी आयोजित की गई, जिसमें विशेषज्ञों ने युवाओं को विस्तृत जानकारी प्रदान की।