नालागढ़ के तमड़ोह स्कूल के बच्चों को जूते बांटते हुए क्लब के पदाधिकारीस्रोत: संवाद
तमड़ोह स्कूल के बच्चों के चेहरों पर आई मुस्कान
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। राजकीय प्राथमिक पाठशाला तमड़ोह में रोटरी क्लब नालागढ़ की ओर से विद्यार्थियों को जूते वितरित किए गए। क्लब की इस पहल से बच्चों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। इस दौरान बच्चों को खाने-पीने का सामान भी वितरित किया गया।
क्लब के प्रधान केके बस्सी ने कहा कि ग्रामीण और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले कई परिवारों की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं होती कि वे समय-समय पर अपने बच्चों के लिए जूते और अन्य आवश्यक वस्तुएं खरीद सकें। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब नालागढ़ भविष्य में भी जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता के लिए ऐसे सेवा कार्य जारी रखेगा।
विद्यालय प्रबंधन समिति की प्रधान रीता देवी और स्कूल प्रभारी जगदेव चंद ने रोटरी क्लब का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों की जरूरत को समझते हुए क्लब की ओर से की गई यह पहल सराहनीय है। इस अवसर पर रोटरी क्लब के कार्यकारिणी सदस्य रणदीप बस्सी, स्कूल प्रबंधन समिति की सदस्य वंदना देवी, पूजा देवी और संतोष कुमारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।