सभी मामलों में आरोपियों से पकड़ा गया कुल 74.03 ग्राम चिट्टा
पुलिस ने जिलेभर के कई स्थानों पर सूचना के आधार पर की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिला सोलन में पुलिस ने नशा तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान तेज करते हुए छह अलग-अलग मामलों में 74.03 ग्राम चिट्टा, नकदी और वाहन बरामद किए हैं। सोलन सदर, परवाणू और कंडाघाट थाना क्षेत्रों में पुलिस टीम और विशेष अन्वेषण इकाई (एसआईयू) ने गश्त और नाकाबंदी के दौरान ये कार्रवाई की। मामलों में पंजाब, शिमला, किन्नौर और सूडान मूल के नागरिकों समेत 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक सोलन टीएसडी वर्मा ने मामलों की पुष्टि की है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज किए गए हैं और आगामी कार्रवाई जारी है।
होटल के कमरे से 12.45 ग्राम चिट्टा और 40 हजार रुपये बरामद
सोलन। सदर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कथेड़ स्थित एक होटल के कमरा नंबर 203 में दबिश दी। तलाशी के दौरान पंजाब निवासी रुपिंद्र सिंह से 12.45 ग्राम चिट्टा और 40 हजार रुपये से अधिक की नकदी बरामद हुई। आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया। दूसरी तरफ मोहन पार्क के पास 8.60 ग्राम चिट्टे के साथ एक युवक गिरफ्तार गया है। जानकारी मुताबिक सदर थाना पुलिस ने मोहन पार्क के समीप खड़ी एक संदिग्ध गाड़ी की तलाशी ली। इसमें सवार अरुण कुमार निवासी सलोगड़ा के कब्जे से 8.60 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर गाड़ी कब्जे में ले ली।
उधर, परवाणू-धर्मपुर मार्ग पर नाकाबंदी के दौरान एसआईयू टीम ने एक संदिग्ध ऑल्टो कार को रोकने का प्रयास किया। कार चालक ने भागने के दौरान जाबली रेलवे फाटक के पास एक अन्य वाहन को टक्कर मार दी। कार सवारों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन हिमांशु कंवर निवासी सपरून को 11.60 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ लिया गया।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपियों में से सचिन कुमार निवासी शिल्ली को परवाणू बैरियर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, सचिन के खिलाफ पहले भी चिट्टा तस्करी के तीन मामले दर्ज हैं। तीसरे आरोपी पंकज ठाकुर उर्फ चंचू की तलाश में छापेमारी जारी है।
वहीं दूसरी तरफ पुलिस चौकी शहर सोलन की टीम ने गश्त के दौरान न्यू कथेड़ बाईपास पर एक संदिग्ध युवक को रोका। तलाशी के दौरान न्यू कथेड़ निवासी पवन के कब्जे से 10.19 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी को गिरफ्तार कर सदर थाने में मामला दर्ज किया गया।
सूडानी नागरिक और शिमला की युवती 11.21 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार
सोलन। एसआईयू टीम ने दोपहिया वाहनों की जांच के दौरान बाइक सवार युवक और युवती को पकड़ा। तलाशी में दोनों के कब्जे से 11.21 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान अब्दुल रहमान (28), मूल निवासी सूडान और वर्तमान में शिमला निवासी, तथा सानिया शर्मा (20) निवासी ठियोग, शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने बाइक कब्जे में लेकर दोनों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया।
पिकअप में 15.38 ग्राम चिट्टा, किन्नौर के दो युवक गिरफ्तार
सोलन पुलिस की एसआईयू टीम ने गश्त के दौरान एक पिकअप वाहन की जांच की। वाहन में सवार कपिल कुमार (33) और हरविंद्र सिंह निवासी सुधारंग, रिकांगपिओ, किन्नौर के कब्जे से 15.38 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। दोनों को गिरफ्तार कर पिकअप वाहन जब्त कर लिया गया।
कंडाघाट में 4.60 ग्राम चिट्टे के साथ चालक गिरफ्तार
कंडाघाट (सोलन)। एसआईयू टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कंडाघाट क्षेत्र में एक पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली। चालक रवि कुमार (35) निवासी चंबाघाट, सोलन के कब्जे से 4.60 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने वाहन कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार किया और उससे पूछताछ की जा रही है।