रामशहर-नालागढ़ सड़क को बहाल करने में लगी लोक निर्माण विभाग की जेसीबी मशीन। संवाद
मंगलवार देररात हुई बारिश से बाया रामशहर-नालागढ़ मार्ग पर आया मलबा
संवाद न्यूज एजेंसी
रामशहर (सोलन)। लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण रामशहर क्षेत्र में कई प्रमुख सड़कें प्रभावित हुई हैं। मंगलवार देर रात रामशहर-नालागढ़ सड़क मार्ग रामगढ़ जंगल के पास मलबा आने से फिर से बंद हो गया। इससे यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रामशहर-नालागढ़ मार्ग को पहले विभाग ने लगभग पूरी तरह चालू कर दिया था, लेकिन मंगलवार रात करीब आठ बजे यह मार्ग भारी मात्रा में मलबा आने से दोबारा अवरुद्ध हो गया। लोक निर्माण विभाग के अधिकारी और मशीनरी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने युद्धस्तर पर मलबा हटाने का कार्य शुरू किया। फिलहाल इस मार्ग पर आवाजाही सुचारू करने के प्रयास लगातार जारी हैं। यह सड़क मार्ग रोजाना बड़ी संख्या में लोगों द्वारा उपयोग किया जाता है। वहीं, रामशहर-स्वारघाट सड़क मार्ग कनोयला के पास कई स्थानों पर मलबा आने के कारण अभी भी बंद है। इससे यात्रियों को आवाजाही में गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। दूसरी ओर, रामशहर-सुना डोली-गबरपुल-गढ़ोंन-धर्माना-गावर मोड़ सड़क मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सुचारू है।
साईं ग्रेड सड़क मार्ग भी कई जगहों पर अवरुद्ध पड़ा हुआ है। इस मार्ग पर अधिकतर पुलियां बंद हो चुकी हैं। सड़क पर कई स्थानों पर गहरी खाइयां बन गई हैं। इससे वाहन चालकों के लिए आवाजाही जोखिम भरी बनी हुई है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारी और मशीनरी लगातार रामशहर-नालागढ़ सहित अन्य प्रभावित सड़कों को दुरुस्त करने में जुटे हैं।
विभाग के अधिकारियों का कहना है कि विभाग द्वारा मलबा हटाने और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। प्रशासन और विभाग ने लोगों से विशेष अपील की है। बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। सड़क की स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा करें।