कसौली-गढखल सड़क पर रात के समय टारिंग करते लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी। संवाद
वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को गड्ढों से मिली राहत, पांच जून को लोक निर्माण विभाग ने शुरू किया था काम
किम्मूघाट में लगाई गई इंटर लॉकिंग टाइल्स
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर(सोलन)। गढखल से कैंट सीमा के नजदीक एक निजी होटल तक सड़क पर टारिंग का काम लोक निर्माण विभागकी ओर से पूरा कर लिया गया है। इस सड़क के पक्का हो जाने से पिछले लंबे समय से गड्ढों और धूल-मिट्टी से परेशान वाहन चालकों और पैदल चलने वाले राहगीरों ने राहत की सांस ली है। अब वाहनों को गड्ढों में हिचकोले नहीं खाने पड़ेंगे।
सड़क की खस्ता हालत को देखते हुए और आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए लोक निर्माण विभाग ने 15 जून की शाम से इस काम को युद्ध स्तर पर शुरू किया था। ठेकेदार और विभाग की टीम ने वीकेंड पर भी रात के समय काम को जारी रखा और महज 5 दिनों के भीतर इस पूरे कार्य को निपटाया। इसके अलावा, किम्मूघाट में सड़क की खराब स्थिति को सुधारने के लिए इंटर लॉकिंग टाइलें लगाई गई हैं। लगभग ढाई किलोमीटर लंबी इस सड़क के आधे हिस्से पर कसौली कैंट में पीने के पानी की पाइपलाइन बिछाने के लिए टारिंग को उखाड़ा गया था, जिससे एक ही तरफ से वाहन चल रहे थे और भारी जाम की स्थिति बन रही थी। काम के दौरान एक सप्ताह तक यातायात को रोक-रोक कर चलाया गया। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिस बल ने यातायात व्यवस्था को पूरी तरह से नियंत्रित रखा और लोगों को परेशानी से बचाया।
कोट
ठेकेदार की सहायता से सड़क पर टारिंग का काम 5 दिन में पूरा कर लिया है। कसौली आने-जाने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने भी इस दौरान विभाग का पूरा सहयोग किया।
विशाल भारद्वाज,सहायक अभियंता,लोक निर्माण विभाग
कसौली-गढखल सड़क पर रात के समय टारिंग करते लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी। संवाद