पर्यटन नगरी कसौली मंडल के तहत आने वाली अधिकांश सड़कों की हालत दयनीय बनी हुई है। सड़कों की खराब हालत से हजारों लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। आलम यह है की मंडल की अनेकों सड़कें पहली ही बरसात में पूरी तरह से खराब हो गई हैं। सड़कों में बड़े-बड़े गड्ढे पड़ने से वहां चालकों को वाहन चलाना तक मुश्किल है। राहगीरों का पैदल चलना भी दूभर है।
सड़कों की दयनीय हालात पर लोनिवि कसौली मंडल ध्यान नहीं दे रहा। विभागीय उपेक्षा के चलते लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मंडल के तहत आने वाली गढ़खल-गुनाई सड़क काफी समय से गड्ढों में तबदील हो चुकी है। एक्सइएन कसौली को भी लोगों ने सड़कों की खस्ता हालत को लेकर ज्ञापन सौंपे थे। लेकिन कुछ नहीं हुआ। लोनिवि कसौली मंडल के अधिशासी अभियंता संदीप सोबती ने कहा कि सड़कों की हालत को सुधारा जा रहा है और गड्ढों को भरने के लिए पैचवर्क लगाए जा रहे हैं।
इन सड़कों की हालत खस्ता
कसौली-परवानू वाया जंगेशु, पट्टा-परवानू वाया कोटबेजा, कसौली-पट्टा वाया बांध, कसौली-चंडी वाया शक्तिघाट, गढख़ल-सूबाथू वाया कंडा, कसौली-धर्मपुर वाया सनावर गांव, चंडी-पट्टा वाया गोयला, कुठाड़-सुबाथू वाया खारशीपुल आदि सहित अनेक सड़कें खराब हालत में है। जंगेशु पंचायत की प्रधान मालती देवी, पूर्व प्रधान कर्मदास भट्टी, पूर्व उपप्रधान भंगुराम, कोटबेजा पंचायत प्रधान पद्मा देवी, उपप्रधान रमेश कंवर, पूर्व उपप्रधान सुखराम, पंचायत नाहरी के पूर्व उपप्रधान मनमोहन शर्मा, गुल्हाड़ी पंचायत प्रधान मदन मोहन मेहता, गनोल के प्रधान निर्मल शर्मा, उपप्रधान पतराम, गढखल-सनावर पंचायत प्रधान राजेंद्र शर्मा ने कहा कि लोक निर्माण विभाग कसौली सड़कों की दुर्दशा पर ध्यान नहीं दे रहा।
पैचवर्क से कर लेते हैं इतिश्री
बरसात शुरू हो चुकी है। ऐसे में सड़कें की हालत और खराब होना तय है। विभाग अब पैचवर्क लगाने की बात कर रहा है। लोगों का कहना है की वर्षा ऋतु में पैचवर्क लगाना कहां तक जायज है। भारी बारिश में पैचवर्क नहीं टिकेंगे और फिर गड्ढे पड़ जाएंगे।