लोक निर्माण विभाग को 46 लाख रुपये का नुकसान
शहर में बुधवार को आधा घंटा हुई तेज बारिश
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहर में बुधवार दोपहर बाद आधा घंटा तेज बारिश हुई। सुबह मौसम साफ होने के बाद पहाड़ों से भूस्खलन का सिलसिला जारी रहा। लोक निर्माण विभाग की 10 सड़कें बंद हो गईं। शाम तक नौ सड़कों को विभाग की टीमों ने बहाल कर दिया, जबकि एक सड़क के वीरवार को बहाल होने की उम्मीद है। बारिश के कारण लोक निर्माण विभाग को बुधवार को भी 46 लाख रुपये की चपत लगी है। कसौली, सोलन, नालागढ़ और अर्की लोक निर्माण विभाग के मंडल में सड़कों पर पत्थर गिरे हैं। इसी के साथ डंगा टूटने और सड़कों के धंस जाने के मामले भी सामने आए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक नुकसान हुआ है। कालका-शिमला नेशनल हाईवे पांच पर वाहनों की आवाजाही सुचारु रूप से चलती रही।
जिलेभर में बुधवार सुबह मौसम साफ था, लेकिन दोपहर बाद आसमान में घने काले बादलों ने डेरा जमा लिया। इसके बाद तेज बारिश शुरू हो गई। शाम करीब 7:00 बजे फिर बूंदाबांदी हुई।