विभाग के लगाए गए कैंप में 12 शुगर व 13 फीसदी बीपी के मरीज आए
सायरी में लगे कैंप में 600 से ज्यादा लोगों का किया गया चेकअप
अब मरीजों की पहचान के लिए विभाग जिलेभर में लगाएगा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिले में शुगर (मधुमेह) और हाई ब्लड प्रेशर (बीपी) के मरीज तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। एक दिन के स्वास्थ्य जांच शिविर में ही 30 से अधिक नए मरीज सामने आने लगे हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सायरी अस्पताल में लगाए गए शिविर के दौरान सामने आई रिपोर्ट ने विभाग की चिंता बढ़ा दी है। जांच में सामने आया कि शिविर में स्वास्थ्य जांच करवाने पहुंचे लोगों में से करीब 12 फीसदी को हाई शुगर की समस्या थी। इसके अलावा 13 फीसदी मरीजों में हाई ब्लड प्रेशर की समस्या पाई गई। वहीं, छह फीसदी लोगों में नए शुगर के मामले सामने आए।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से सायरी अस्पताल में वर्ल्ड कैंसर केयर टीम के सहयोग से स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया था। इसमें सायरी क्षेत्र के 600 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य जांच करवाई। इस दौरान 615 लोगों के टेस्ट किए गए, जिनमें से 74 मरीजों में हाई शुगर की समस्या पाई गई। इसके अलावा 40 मरीजों में नए शुगर के मामले सामने आए।
इससे पहले भी जिले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से हाइपरटेंशन डे के तहत एक माह का जांच कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें केवल 19 दिनों के भीतर बीपी के 900 से अधिक नए मरीज सामने आए थे। वहीं, अभी भी मरीजों की संख्या कम होने के बजाय बढ़ती जा रही है। विभाग के विशेषज्ञों का मानना है कि बदलती जीवनशैली और खानपान भी शुगर और बीपी की समस्याओं को बढ़ाने के प्रमुख कारण बनते जा रहे हैं।
इनसेट
जिलेभर में लगेंगे स्वास्थ्य जांच शिविर
आने वाले समय में स्वास्थ्य विभाग की ओर से समय-समय पर इस प्रकार के शिविर जिलेभर में आयोजित किए जाएंगे। इससे लोगों में बीमारियों का समय रहते पता लगाने में मदद मिलेगी। वहीं, मरीजों को समय पर उपचार मिलने से उनकी सेहत में जल्द सुधार आने की उम्मीद रहती है।
कोट
सायरी अस्पताल में लगाए गए स्वास्थ्य जांच शिविर में 12 फीसदी लोगों में शुगर और 13 फीसदी मरीजों में हाई ब्लड प्रेशर की समस्या पाई गई है। इसमें कुल 615 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई है। मरीजों के अन्य टेस्ट की रिपोर्ट ऑनलाइन माध्यम से भी आ सकती है। - डॉ. अजय सिंह, खंड चिकित्सा अधिकारी, सायरी, स्वास्थ्य विभाग सोलन