कच्ची सब्जियां बन रहीं पथरी होने का कारण
तेल में मिलावट और खराब खानपान भी कारण
क्षेत्रीय अस्पताल रोजाना 10 से 12 मरीजों में निकल रही पथरी
निशिल मेहता
सोलन। बाजार में मिलने वाला जंक फूड अब गॉल ब्लैडर में पथरी होने का कारण बनता जा रहा है। फास्ट फूड बनाने में इस्तेमाल होने वाली कच्ची सब्जियों के कारण पथरी की शिकायत बढ़ने लगी है।
क्षेत्रीय अस्पताल सोलन की सर्जरी ओपीडी में रोजाना 40 से 50 मरीज उपचार के लिए आ रहे हैं। इनमें से 10 से 12 मरीजों में पथरी निकल रही है। ऐसे में डॉक्टरों की ओर से शुरुआती उपचार में मरीजों को दवाएं लिखी जा रही हैं। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में हर माह सबसे अधिक ऑपरेशन भी पथरी के ही हो रहे हैं। अस्पताल के सर्जरी विशेषज्ञों का कहना है कि अब लोगों में फास्ट फूड का चलन बढ़ गया है। फास्ट फूड में अकसर कच्ची सब्जियों जैसे पत्तागोभी, प्याज, शिमला मिर्च और कच्चे टमाटरों का उपयोग होता है। कई लोग उन सब्जियों को सही से पचा नहीं पाते। आगे चलकर यही पथरी होने का कारण बन जाती है। कई लोगों में फास्ट फूड से मोटापा भी तेजी से बढ़ता है। इस कारण गॉल ब्लैडर में पथरी की आशंका बढ़ जाती है। हालांकि पथरी कई कारणों से हो सकती है, लेकिन फास्ट फूड इसका मुख्य कारण बनता जा रहा है।
गॉल ब्लैडर में पथरी के कारण
खान-पान सही न होना।
मोटापा अधिक बढ़ जाना।
पाचन तंत्र का सही से काम न करना।
ऐसे करें बचाव
खान-पान में बदलाव कर।
वजन को धीरे-धीरे कम करें।
पेट दर्द होने पर बिना डॉक्टर की सलाह के दवाएं न खाएं।
सर्जरी ओपीडी में रोजाना 10 से 12 मरीजों में पथरी निकल रही है। इसका मुख्य कारण फास्ट फूड और पाचन क्षमता में कमी है। मरीजों को शुरुआत में पेट में दर्द होती है, जो धीरे-धीरे बढ़ जाती है। मरीजों को शुरुआत में दवाएं देकर उपचार किया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर पथरी को सर्जरी इसे निकाला जा रहा है। अस्पताल में मरीजों को उपचार देने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। मरीजों को भी फास्ट फूड से बचाव की सलाह दी जा रही है।
-डॉ. मुकुल शर्मा, सर्जरी विशेषज्ञ, क्षेत्रीय अस्पताल सोलन