कुनिहार में पेशनर एसोसिएशन अर्की ने उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
कुनिहार (सोलन)। कुनिहार में हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच अर्की की मासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मंच के प्रदेशाध्यक्ष बृजलाल ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। इकाई अध्यक्ष बलबीर सिंह चौधरी ने बताया कि बैठक में कई प्रस्ताव पारित किए गए। इसमें निगम के पेंशनरों के समस्त लंबित भुगतान ग्रेच्युटी, लीव इन केशमेंट, कम्यूटेशन 20 वर्ष के सेवा काल के बाद प्रदान की गई 2 वेतन वृद्धियों का बकाया एरियर, जनवरी 2016 से प्रदान किए गए वेतनमान का एरियर सहित पेंशन से संबंधित भुगतान न करने पर चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि निगम से सेवानिवृत्त हुए 8,500 पेंशनरों ने प्रदेश सरकार से आग्रह किया गया है कि प्रदेश सरकार 2025-26 के वार्षिक बजट में उपरोक्त सभी भुगतानों के संदर्भ में प्रावधान करें। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस बजट में यह प्रावधान नहीं किया तो पेंशनर अप्रैल माह में किसी संवैधानिक संघर्ष के लिए बाध्य होगा। इस संघर्ष की संपूर्ण जिम्मेदारी प्रदेश सरकार व प्रबंधन की होगी। बैठक में कुलदीप कुमार, शेर सिंह, शंकर लाल, तुलसी राम समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।