भारी वाहनों पर रोक, एक तरफ से बारी-बारी भेजा जा रहा ट्रैफिक
संवाद न्यूज एजेंसी
परवाणू(सोलन)। पिछले दिनों हुई भारी बारिश के कारण परवाणू के सेक्टर-6 स्थित पुल का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। पुल को हुए नुकसान के बाद लोक निर्माण विभाग ने एहतियात के तौर पर पुल से भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी थी।
पुल का एक तरफ का हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के कारण फिलहाल दूसरी तरफ से वाहनों को बारी-बारी से निकाला जा रहा है। यातायात को सुचारू बनाए रखने और किसी तरह की परेशानी से बचने के लिए मौके पर पुलिस जवानों की तैनाती भी की गई है। अब लोक निर्माण विभाग ने पुलिया की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया है। मरम्मत कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। विभाग का प्रयास है कि मरम्मत का कार्य शीघ्र पूरा कर पुल को सामान्य यातायात के लिए खोल दिया जाए।
उधर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता शिव कुमार ने बताया कि पुलिया की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। कार्य को जल्द पूरा कर पुल को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।