बद्दी- नालागढ़ फोरलेन पर मलपुर के समीप सड़क को रिपेयर करते हुए निर्माण कंपनी के कर्मचारी- संवाद।
दो कंपनियों को दिया गया है ठेका, जल्द पूरा होगा काम
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। बद्दी-नालागढ़ फोरलेन पर बारिश के बाद उखड़ी सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू हो गया है। स्थानीय उद्योगपतियों ने लंबे समय से सड़क की खराब स्थिति को लेकर सवाल उठाए थे और सरकार व अधिकारियों से इसकी शीघ्र मरम्मत की मांग की थी। इसके बाद गड्ढे भरने और सड़क सुधार का काम शुरू कर दिया गया है। वर्तमान में सड़क की मरम्मत का कार्य बद्दी के ट्रक यूनियन के समीप चल रहा है। बद्दी से नालागढ़ फोरलेन की मरम्मत का कार्य दो कंपनियों को सौंपा गया है। एक कंपनी बद्दी से मानपुरा तक काम देख रही है, जबकि दूसरी कंपनी मानपुरा से नालागढ़ तक फोरलेन की मरम्मत कर रही है। हाल ही में हुई बारिश से सड़क पर जलभराव और गड्ढे पड़ गए थे, जिससे वाहन चालकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था। एनएचएआई के प्रोजेक्ट प्रभारी असलम खान ने बताया कि दोनों कंपनियां सड़क के खराब हिस्सों की मरम्मत में जुटी हुई हैं। रोडटेक कंपनी मानपुरा तक सड़क को पूरी तरह से रिपेयर कर देगी। जहां गड्ढे अधिक हैं, वहां पूरी सड़क को रिमेटल किया जा रहा है, ताकि आने वाले दिनों में सड़क सुरक्षित और सुचारू रूप से चल सके।