नालागढ़ उपमंडल की चार पंचायतों के ग्रामीणों ने कुमारहटटी-मीतियां की सड़क की रिपेयर न करने पर कड़ी नाराजगी जताई है।
- फोटो : demo pic
नालागढ़ उपमंडल की चार पंचायतों के ग्रामीणों ने कुमारहटटी-मीतियां की सड़क की रिपेयर न करने पर कड़ी नाराजगी जताई है। लोगों ने फैसला लिया है कि अब इस मामले को जिला प्रशासन के समक्ष उठाया जाएगा। लोगों ने कहा कि लोनिवि से कई बार सड़क की रिपेयर करने की मांग की गई लेकिन अभी तक कुछ नहीं हुआ।
ग्रामीणों का आरोप है कि उपमंडल के निचले स्तर के अधिकारियों से लेकर अधिशाषी अभियंता तक सड़क रिपेयर करने को शिकायत की गई। इसके बावजूद रिपेयर नहीं की जा रही। इस सड़क मार्ग पर दुर्गा माता का भव्य मंदिर भी है। इस मंदिर में हर रोज सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं। इन्हें सड़क की खस्ता हालत के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पंचायत मीतियां, रतवाडी, पोले दा खाला और कंवडी के ग्रामीण नानकचंद शांडिल, प्रकाश चंद, तेजपाल, राम पाल, सोहन लाल तथा निकू राम ने कहा कि 20 किलोमीटर लंबी इस सड़क को बरसात के बाद भी रिपेयर नहीं किया जा रहा है। खस्ता हालत के कारण मरीजों और कृषि उत्पादों को इस मार्ग से ले जाने से नुकसान हो रहा है।
पंचायत प्रधान सुनीता धीमान, प्रधान राम आसरा, प्रधान मनजीत, प्रधान नेहा कुमारी और बीडीसी सदस्य मीना देवी ने कहा कि लोक निर्माण विभाग काफी समय से इस सड़क की सुध नहीं ले रहा है। अधिकारियों की इस अनदेखी को लेकर शिकायतपत्र जिला प्रशासन को भेजा जाएगा। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के समक्ष भी यह मामला उठाया जाएगा।