गड्ढों के कारण वनवे हो गई थी शामती में सोलन-राजगढ़ सड़क
नाली सही न होने के कारण सड़क पर आता था गंदा पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। सोलन-राजगढ़ सड़क की खस्ताहालत को ठीक करने के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से बुधवार को सड़क किनारे बंद पड़ी नालियों को खोला गया। वहीं वनवे हुई सड़क को ठीक करने के लिए गड्ढों में ईंट और पत्थर डालकर उसे चलने लायक बनाया गया। इससे अब वाहन चालकों को थोड़ी राहत मिली है और नाली में पानी की निकासी भी सही से होगी। यहां सड़क की हालत बहुत खस्ता हो गई थी। सड़क कई जगहों से वनवे हो गई थी। अब विभाग हरकत में आया और वाहन चालकों और आम लोगों की परेशानी को समझते हुए यह कार्रवाई की है।
लोक निर्माण विभाग सोलन के उपखंड अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि लोक निर्माण विभाग लोगाें को सुविधा देने की पूरी कोशिश कर रहा है। बजट की कमी के कारण अभी सड़क किनारे नाली ठीक कर और गड्ढों में ईंट और पत्थर डालकर समस्याओं को हल करने की कोशिश की गई है। बजट मिलते ही सड़क को पूरी तरह से ठीक किया जाएगा। इससे सड़क पर आवाजाही करने वाले चालकों को सुविधा मिलेगी।