सोलन से लेकर बोझ तक करीब आठ किलोमीटर में होगा काम
लोक निर्माण विभाग ने जारी किया सड़क का टेंडर, मिलेगी राहत
सड़क पर खर्च किए जाएंगे करीब एक करोड़ रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। सोलन-सुबाथू सड़क के कारण स्थानीय लोगों को हो रही परेशानी से अब जल्द ही बड़ी राहत मिलने वाली है। सड़क पर टारिंग का काम अब जल्द ही शुरू किया जाएगा। इसके लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से टेंडर जारी कर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार एक सप्ताह के अंदर सड़क पर काम को शुरू कर दिया जाएगा।
विभाग की ओर से इस सड़क पर करीब एक करोड़ रुपये खर्च कर टारिंग का काम किया जाएगा। विभाग की ओर से अब केवल मौसम में गर्मी के बढ़ने का इंतजार किया जाएगा। सड़क पर सोलन के लेकर भोज तक टारिंग की जाएगी। लोक निर्माण विभाग मंडल सोलन के सोलन-सुबाथू सड़क का करीब आठ किलोमीटर का क्षेत्र आता है, जिसपर यह टारिंग की जाएगी। अभी के समय सड़क की हालत काफी के समय से खस्ता बनी हुई है। यहां रोजाना आवाजाही करने वाले वाहन चालकों के आवाजाही करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसे ठीक करवाने के लिए करीब सात माह पहले स्थानीय लोगों और भाजपा सोलन मंडल की ओर से सड़क के शुरुआती स्थान देउंघाट में प्रदर्शन भी किया था। इसके बाद यहां स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल व लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भी सड़क का दौरा किया और लोगों की समस्या सुनी। इसके बाद लोगों को आश्वासन दिया गया था कि जल्द ही सड़क को ठीक करने का काम शुरू कर लोगों को राहत दी जाएगी। इसके बाद गड्ढों में केवल मिट्टी और पत्थर डाल सड़क को ठीक किया गया। ऐसे में बारिश के मौसम में लोगों को तालाब बनी सड़क पर ही आवाजाही करनी पड़ रही थी। वहीं अब सड़क ठीक होने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
कोट
सड़क को ठीक करने के लिए टेंडर जारी कर दिया है। अगले सप्ताह तक काम शुरू कर दिया जाएगा। मौसम में गर्मी आने का इंतजार किया जा रहा है। इस सड़क पर करीब एक करोड़ रुपये से काम किया जाएगा। जिसमें आठ किलोमीटर तक सड़क में टारिंग की जाएगी। - ई. सुरेंद्र शर्मा, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग सोलन