119 अधिकारी व कर्मचारियों ने रिहर्सल में लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। विकास खंड सोलन में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना के लिए मतगणना पूर्वाभ्यास (रिहर्सल) किया गया। पूर्वाभ्यास की अध्यक्षता उपमंडलाधिकारी सोलन डॉ. पूनम बंसल ने की। उन्होंने मतगणना के लिए नियुक्त सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को मतगणना प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराया।
कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस बार पंचायतीराज निर्वाचन में मतगणना बैलेट पेपर (मतपत्रों) से की जानी है। ड्यूटी पर तैनात प्रत्येक कर्मचारी और अधिकारी को पूरी सावधानी, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ अपना कार्य करना होगा। इससे वास्तविक मतगणना के समय किसी भी प्रकार की मानवीय त्रुटि या गड़बड़ी की गुंजाइश न रहे। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी सोलन मंजुला कंवर और तहसीलदार सोलन राजीव रांटा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ मतगणना प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने के लिए नियुक्त किए 119 अधिकारी व कर्मचारी भी शामिल हुए।