संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में बुधवार को हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. दीक्षित गौतम ने कार्यभार संभाल लिया है। इससे पहले वह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पांवटा साहिब में अपनी सेवाएं दे रहे थे।डॉ. गौतम के ज्वाइन करने के बाद हड्डी रोग से संबंधित इलाज के लिए आने वाले मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। अब उन्हें लंबी कतारों में खड़ा होने की परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी। सोलन अस्पताल में 31 मार्च को आर्थो विशेषज्ञ डॉ. जय शर्मा के सेवानिवृत्त होने के बाद से मरीजों को एक ही ओपीडी के बाहर लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ रहा था। छुट्टी या अनुपस्थिति के दौरान मरीज उपचार तक नहीं करवा पाते थे और उन्हें अगले दिन दोबारा आकर कतार में लगना पड़ता था। अब डॉ. दीक्षित गौतम के आने से यह समस्या कम होगी। सोलन क्षेत्रीय अस्पताल में अब लगभग 30 डॉक्टर अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जिससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।