व्यापारियों ने निकाली रोष रैली, पूर्व प्रबंधकों के खिलाफ की नारेबाजीसभा में सैकड़ों निवेशकों की फंसी 18 करोड़ की राशि
संवाद न्यूज एजेंसी
सुबाथू (सोलन)। दी अर्बन सहकारी सभा सुबाथू में सैकड़ों निवेशकों की करीब 18 करोड़ की जमा पूंजी का भुगतान न होने के कारण बुधवार को सभा के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व प्रबंधक समिति के खिलाफ सुबाथू के व्यापारियों ने बाजार बंद कर रोष रैली निकाली। सभा की वर्तमान प्रबंधक समिति ने भी प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कार्रवाई करने की मांग उठाई। पूर्व प्रबंधक समिति के खिलाफ सुबाथू में सुबह 9:00 बजे ही सभा के सैकड़ों निवेशक सनातन धर्म मंदिर के पास एकत्रित हुए। आरोपियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रोष रैली निकाली।
पुलिस ने बीते दिनों पूर्व समिति के खिलाफ आईपीसी धारा 409 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। अभी तक तीन गिरफ्तारियां भी हो चुकी हैं। कुछ का मामला हाईकोर्ट में भी विचाराधीन चल रहा है। सभा के वर्तमान अध्यक्ष संदीप गुप्ता ने बताया कि सुबाथू में पिछले कई दिनों से पूर्व सभा के खिलाफ अनशन जारी है। बुधवार को बाजार के व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर रोष रैली में शामिल होकर अनशन पर बैठे निवेशकों का समर्थन किया है।