पहले से कटी हुए गेंहू व तूड़ी हुई गीली, किसान परेशान
बीबीएन में 11 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में लगी है गेहूं की फसल
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़(सोलन)। बीबीएन में हुई हल्की बारिश के बाद गेहूं की कटाई व थ्रेसिंग का काम रुक गया है। जिन किसानों ने गेहूं की थ्रेसिंग कर ली है उनकी तूड़ी खेतों में पड़ी है। वह भी इस बारिश से भीग गई। हालांकि कुछ किसानों ने तूड़ी को बचाने के लिए उसे तिरपाल से ढक दिया है।
बीबीएन में इस वर्ष 11 हजार हेक्टेयर में गेहूं की फसल लगाई हुई है। वर्तमान में किसानों ने फसल की कटाई शुरू कर दी है। लेकिन शुक्रवार को मौसम खराब रहने पर किसानों ने कटाई का कार्य रोक दिया। वहीं बारिश से थ्रेसिंग की हुई गेहूं की तूड़ी भी भीग गई। कुछ किसानों ने तूड़ी को तिरपाल से ढक दिया है लेकिन अधिकांश किसानों की कटी हुई गेहूं व तूड़ी गीली हो गई है।
किसान अमरचंद ठाकुर, खेड़ा गांव से अवतार सैणी, किशनपुरा से राम सिंह सैणी, बरुणा से विनोद ठाकुर ने बताया कि वर्तमान में गेहूं की कटाई का कार्य जोरों पर चला हुआ है और ऐसे में बारिश ने जहां कटाई में खलल डाल दिया है, वहीं कटी हुई गेहूं भीग गया है। वहीं जिन लोगों ने गेहूं निकाल लिया है उनकी तूड़ी भी भीग गई है।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे और जिससे कटाई का कार्य रुक गया। अगर तेज बारिश होती है तो कटी हुई गेहूं भी खराब हो सकती है। वहीं खेत गीले होने से अभी तक एक दो दिन कटाई का कार्य नहीं होगा।
उधर, कृषि विभाग के विषय वाद विशेषज्ञ डॉ. प्रेम ठाकुर ने बताया कि बेमौसमी बारिश से गेहूं की कटाई का कार्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने किसानों से कहा कि जिन किसानों ने गेहूं की कटाई कर ली है उसे थ्रेसिंग करने के बाद ही मौसम खुलने पर आगे कार्य शुरू करें।