जिले में आठ घंटे में 23.4 डिग्री बारिश दर्ज, लोगों ने निकाले गर्म कपड़े
नौणी मौसम विभाग के विशेषज्ञों का दावा, दो दिनों तक है बारिश के आसार
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। सितंबर के अंतिम सप्ताह में मौसम ने करवट ली। सोमवार सुबह से ही मौसम खराब रहा और दोपहर करीब 11 बजे शुरू हुई बारिश देर शाम तक जारी रही। करीब दो सप्ताह बाद हुई इस बारिश से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। इससे पहले 13 सितंबर को बारिश हुई थी।
सोमवार को रुक-रुककर शुरू हुई बारिश दोपहर करीब एक बजे के बाद तेज हो गई और शाम छह बजे तक लगातार जारी रही। करीब आठ घंटे में सोलन में 23.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। जिले में कुफरी के बाद सोलन में सबसे अधिक बारिश हुई, जबकि कुफरी में 61 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
बारिश के कारण दिन के तापमान में 4.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। रविवार को अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री था, जो सोमवार को घटकर 21.5 डिग्री सेल्सियस रह गया। तापमान गिरने से ठंड बढ़ गई और लोगों ने गर्म कपड़े, स्वेटर व जैकेट निकाल लिए। कार्यालयों में भी लोग हीटर सेंकते नजर आए। नौणी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के विशेषज्ञ ने आगामी दो दिनों तक बारिश की संभावना जताई है।
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में गिरा तापमान
चायल (सोलन)। उपमंडल कंडाघाट के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सोमवार सुबह से हो रही बारिश के चलते ठंड बढ़ गई। करोल पर्वत, चायल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों, काली का टिब्बा और क्रिकेट मैदान सहित आसपास के इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
स्थानीय निवासी अजय शर्मा, अजय कपूर, राजेश कुमार और संतोष कुमार ने बताया कि सुबह से लगातार हो रही बारिश के कारण ठंड बढ़ गई है। ठंड से बचने के लिए लोगों ने गर्म कपड़े पहनना शुरू कर दिए हैं।
सोलन शहर में दोपहर के समय हुई बारिश के दौरान बदला मौसम। संवाद