नालागढ़(सोलन)। नालागढ़ मार्ग पर कुमारहट्टी के पास ठेकेदार ने सड़क को खोद डाला। इससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। राहगीरों को भी परेशानी झेलनी पड़ी। लोक निर्माण विभाग नालागढ़ की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। वीरवार को दोपहर दो बजे रामशहर-नालागढ़ मार्ग पर कुमारहट्टी के पास ठेकेदार ने बिना किसी पूर्व सूचना के सड़क को खोद दिया।
जानकारी के अनुसार मार्ग के पास पुलिया का निर्माण प्रस्तावित है। इसके लिए ठेकेदार को एक दिन में पुलिया बनाने के आदेश दिए हैं। इस कारण लोगों में लोनिवि के प्रति रोष है। सहायक अभियंता राजकुमार ने कहा कि कई दिन से लोगों को शिकायत थी जिसके लिए पुलिया बनाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ ही घंटों में कार्य को पूरा कर लिया जाएगा।