राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी और स्वर्ण मोर्चा ने फूंका एमपी की भाजपा सरकार का पुतला
कहा, सामान्य वर्ग की मांगों की अनदेखी की गई तो पार्टी पूरे प्रदेश में शुरू करेगी आंदोलन
संवाद न्यूज एजेंसी
कुनिहार (सोलन) राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना की मध्य प्रदेश में गिरफ्तारी के विरोध में राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी और स्वर्ण मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कुनिहार में प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भाजपा का पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने गिरफ्तारी को लेकर नाराजगी जताते हुए सरकार से मकराना को रिहा करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन का नेतृत्व राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के संयोजक एवं स्वर्ण मोर्चा के नेता रुमित सिंह ठाकुर ने किया। उन्होंने कहा कि महिपाल सिंह मकराना शांतिपूर्ण तरीके से यात्रा निकाल रहे थे, लेकिन मध्यप्रदेश में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सवर्ण समाज की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई को समाज किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगा।
रुमित सिंह ठाकुर ने भाजपा और कांग्रेस दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनावों के दौरान दोनों दल सवर्ण समाज का समर्थन लेते हैं, लेकिन सत्ता में आने के बाद समाज के हितों की अनदेखी करते हैं। उन्होंने कहा कि अब सवर्ण समाज जागरूक हो चुका है और आगामी विधानसभा चुनावों में दोनों दलों को इसका जवाब दिया जाएगा।
उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी हिमाचल प्रदेश में तीसरे राजनीतिक विकल्प के रूप में तेजी से उभर रही है। यूजीसी कानून को तत्काल वापस लेने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सामान्य वर्ग और सवर्ण समाज की मांगों की अनदेखी की गई तो पार्टी पूरे प्रदेश में आंदोलन शुरू करेगी। प्रदर्शन में पार्टी और स्वर्ण मोर्चा के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ताओं और सवर्ण समाज के लोगों ने भाग लिया।