नशा तस्करी के मामले में मां पहले से ही किशनपुरा जेल में है बंद
पुलिस ने वर्ष 2024 में दर्ज चिट्टे के मामले में की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। नशा तस्करों के नेटवर्क को जड़ से उखाड़ने में जुटी बद्दी पुलिस ने आर्थिक प्रहार करते हुए एक ही परिवार पर शिकंजा कसा है। पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी से अवैध रूप से संपत्ति अर्जित करने के मामले में नालागढ़ के एक परिवार की मां और उसके दो बेटों की करीब 2.08 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति को फ्रीज कर दिया है। गत एक सप्ताह में बद्दी पुलिस ने नशा तस्करों की करीब 5.5 करोड़ रुपये की काली कमाई फ्रीज की है।
12 मई 2024 को पुलिस ने आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ जट्टा को 6.68 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। इसके बाद पुलिस की वित्तीय जांच टीम ने आरोपी और उसके परिजनों की संपत्तियों के स्रोतों की गहनता से पड़ताल शुरू की। जांच में सामने आया कि परिवार ने नशे के काले कारोबार से करोड़ों की संपत्ति खड़ी की है, जिसके बाद पुलिस ने कानून के प्रावधानों के तहत पूरी संपत्ति फ्रीज कर दी। इसमें मां अमरजीत कौर की 80.07 लाख की संपत्ति फ्रीज की गई है। इसमें टिक्कर पनौह में स्थित 7.10 बिस्वा भूमि और दोमंजिला मकान (बाजार कीमत करीब 70 लाख रुपये) शामिल है। इसके अलावा टाटा पंच, एक्टिवा और टीवीएस जुपिटर जैसे वाहन भी जब्त किए गए हैं। अमरजीत कौर वर्तमान में पीआईटी एनडीपीएस कानून के तहत किशनपुरा जेल में बंद हैं। बेटे सतनाम सिंह उर्फ सत्ती की 83.15 लाख की संपत्ति फ्रीज की है। इसमें टीवीएस एनटॉर्क, एक्टिवा और मारुति जेन वाहन शामिल हैं। इसके अलावा उसकी पत्नी हिमांशी सहोत्रा के नाम पर दर्ज 2.10 बिस्वा भूमि और उस पर बना मकान (अनुमानित कीमत 80 लाख रुपये) भी फ्रीज किया गया है। दूसरे बेटे गुरप्रीत सिंह उर्फ जट्टा का 45 लाख का मकान और भूमि फ्रीज की गई है।
इनसेट
नशा तस्करों की काली कमाई पर जारी रहेगा प्रहार : एसपी
बद्दी पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ शून्य सहिष्णुता की नीति पर काम कर रही है। नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों की वित्तीय जांच लगातार जारी रहेगी। कानून के तहत ऐसी संपत्तियों को फ्रीज और जब्त किया जाएगा। -विनोद धीमान, पुलिस अधीक्षक बद्दी